
वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम, यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा अतिक्रमण अभियान चलाया। इस अभियान में सड़क के दोनों किनारे पर अतिक्रमण करके दुकानों को हटाया गया और आधा दर्जन से अधिक दुकानों का चालान किया गया। इसके अलावा, नगर निगम ने आधा दर्जन अवैध ठेलों को सीज कर लिया और पांच ऑटो भी जब्त किए।
यह अभियान पंचकोशी सब्जी मंडी से लेकर संग्रहालय तक चलाया गया, जहां सड़क के दोनों तरफ अवैध दुकानों का कब्जा था। आशापुर चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने की वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सारनाथ, डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 11 बजे पंचकोशी सब्जी मंडी से शुरू हुआ। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हवेलियां चौराहा से संग्रहालय तक की गई। इस दौरान सुहेलदेव तिराहा के पास पिंटू चाय वाले की दुकान का पांच सौ रुपए का चालान किया गया। इसके बाद सड़क के किनारे स्थित जूता-चप्पल और उलेन की दुकानों को हटा दिया गया।
संग्रहालय के पास अतिक्रमण अभियान के दौरान बीरबल यादव और संजीव कुमार की दुकानों पर नगर निगम द्वारा प्रदत्त कार्ट पर भट्ठी लगाने की वजह से दो हजार रुपए का चालान किया गया। साथ ही, अवैध रूप से लगाई गई अंडे की दुकान पर भी पांच सौ रुपए का चालान किया गया। नगर निगम ने लावारिस दुकानों को भी जब्त कर लिया और अवैध दुकानों को हटाया।