
Varanasi मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने शनिवार सुबह एक तस्कर को 430 जीवित कछुओं के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई लहरतारा फ्लाईओवर के गेट नंबर 4 के पास की गई। आरोपी की पहचान रवींद्र कुमार उर्फ रवन (28 वर्ष) निवासी बख्तियार नगर, थाना मलिहाबाद, लखनऊ के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय और चौकी प्रभारी पवन कुमार यादव अपनी टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सरोज और कांस्टेबल अवधेश कुमार शामिल थे, के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से कछुए लेकर रांची, झारखंड जाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को सुबह करीब 5:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव के आसपास के तालाबों और पोखरों से कछुए पकड़ता है और उन्हें अपने घर पर जमा करता है। जब पर्याप्त संख्या में कछुए इकट्ठा हो जाते हैं, तो वह उन्हें रांची, झारखंड ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह वाराणसी के आलमबाग बस अड्डे से झारखंड जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो बैग बरामद किए, जिनमें कुल 430 जीवित कछुए थे। इन कछुओं की अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9/39/48/49/51 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।